मुंबई , सितंबर 08 -- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम स्थल के निकट से सुरक्षा एजेंसियों ने मंगलवार को दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया।
मुंबई पुलिस ने बताया कि गत सोमवार को सितंबर को बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर में सुरक्षा घेरा तोड़ने का प्रयास करने के बाद दो लोगों को हिरासत में लिया गया। यह घटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कार्यक्रम स्थल पर 'ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026' का उद्घाटन करने से एक दिन पहले हुई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान रोहन पारेख और उसके बॉडीगार्ड के रूप में हुई है। पारेख के पास कथित तौर पर प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी हुआ एक फर्जी पहचान पत्र था और उसने पीएमओ अधिकारी होने का दावा भी किया, जबकि उसके साथ मौजूद बॉडीगार्ड होने का दावा करने वाले व्यक्ति के पास से एक बंदूक बरामद की गई थी। पारेख और उसके "बॉडीगार्ड" के खिलाफ बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने पारेख को उस समय जांच के लिए रोका, जब उसने 'ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026' कार्यक्रम के स्थल में प्रवेश करने का प्रयास किया। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री को करना था। पारेख की पहचान का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने पाया कि उसके पास मौजूद दस्तावेज़ जाली था। पुलिस ने कहा कि दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।
मुंबई क्राइम ब्रांच इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने कहा कि जांच में फर्जी पहचान दस्तावेजों के साथ-साथ कार्यक्रम स्थल पर बंदूक के साथ "बॉडीगार्ड" की मौजूदगी की जांच की जाएगी।
'ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026', एक चार दिवसीय सम्मेलन है जिसमें वित्तीय प्रौद्योगिकी के भविष्य पर चर्चा की जायेगी और इसमें दुनिया भर के नीति निर्माताओं, नियामकों, केंद्रीय बैंकों, वित्तीय संस्थानों, फिनटेक कंपनियों, प्रौद्योगिकी फर्मों, निवेशकों, शिक्षाविदों और अन्य हितधारकों को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया है।
केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 उभरती प्रौद्योगिकियों और वित्त के भविष्य को आकार देने में उनकी भूमिका पर ध्यान केंद्रित करेगा। इसका विषय 'पोटेंशियल टू इम्पेक्ट: एजेंटिक एआई, टोकनाइजेशन, क्वांटम - ट्रस्टेड, कनेक्टेड, ग्लोबल सिस्टम्स फॉर इंक्लूसिव फाइनेंस' है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित