हैदराबाद , मई 03 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्य की आगामी यात्रा को "विकास का उत्सव" बताते हुए कहा है कि इस यात्रा से विकास को गति मिलेगी और पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरेगा।
भाजपा तेलंगाना के मुख्य प्रवक्ता एनवी सुभाष ने एक बयान में कहा कि इस यात्रा के दौरान 7,823 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा, जिनका उद्देश्य तेलंगाना के विकास को तेजी देना है।
उन्होंने बताया कि वारंगल में काकतीय राजवंश की विरासत से जुड़ी 1,695 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। इनमें 'पीएम मित्रा काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क' भी शामिल है, जिससे इस क्षेत्र के एक प्रमुख कपड़ा केंद्र में तब्दील होने की उम्मीद है।
उन्होंने यह भी बताया कि बिबिनगर में लगभग 2,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का भी उद्घाटन किया जाएगा, ताकि आम जनता को सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
श्री सुभाष ने कहा कि कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाएं भी इस यात्रा का हिस्सा होंगी। इनमें काजीपेट और विजयवाड़ा के बीच रेल कनेक्टिविटी, महबूबनगर राष्ट्रीय राजमार्ग का विकास, मलकापुरम पेट्रोलियम टर्मिनल और सम्मक्का-सरक्का जनजातीय विश्वविद्यालय शामिल हैं।
उन्होंने समाज के सभी वर्गों से 10 मई को होने वाली प्रधानमंत्री की यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया। इस यात्रा का समापन सिकंदराबाद परेड ग्राउंड में एक विशाल जनसभा के साथ होगा और उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में उपस्थित रहने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित