चेन्नई , अप्रैल 15 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बुधवार शाम कन्याकुमारी जिले के नागरकोइल में एक विशाल रोड शो किया। यह रोड शो मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले राजग उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित किया गया था।
तिरुवनंतपुरम पहुंचने के तुरंत बाद श्री मोदी हेलीकॉप्टर से नागरकोइल पहुंचे और एक खुले वाहन में लगभग 1.5 से 2 किलोमीटर लंबा सफर तय किया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर हजारों की संख्या में लोग जमा थे, जिन्होंने गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इलाके में 1,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था।
रोड शो का शुभारंभ वेप्पामूडु जंक्शन पर कामराज प्रतिमा से हुआ और यह क्लॉक टॉवर, जीवा प्रतिमाऔर अन्ना प्रतिमा से होते हुए वाडासेरी में एमजीआर प्रतिमा पर जाकर संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री के साथ वाहन में अन्नाद्रमुक महासचिव और राजग के मुख्यमंत्री पद का चेहरा एडप्पादी के. पलानीस्वामी, वरिष्ठ भाजपा नेता पोन राधाकृष्णन, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन और के. अन्नामलाई मौजूद थे। इसके अलावा जिले की चार सीटों से चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवार-एम.आर. गांधी, विजयाधरानी, टी. शिवकुमार और पी. रमेश भी इस दौरान उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित