चंडीगढ़ , अगस्त 02 -- चंडीगढ़ मे युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माई भारत और चंडीगढ़ प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को टैगोर थिएटर में 'नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

इस राष्ट्रीय अभियान के तहत देशभर के लगभग 10 हजार स्थानों पर एक करोड़ से अधिक युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया। कार्यक्रम में माई भारत स्वयंसेवकों, एनएसएस, युवा क्लबों, स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों, गैर-सरकारी संगठनों तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली और स्वस्थ, जिम्मेदार एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संकल्प दोहराया। इसी अवसर पर 100 सप्ताह तक चलने वाले राष्ट्रीय रविवार सहभागिता अभियान की भी शुरुआत की गई। इसके तहत नियमित रूप से खेल, फिटनेस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनजागरूकता, माइंडफुलनेस और सामुदायिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान के अगले चरण में तीन अगस्त को सेक्टर-45 स्थित देव समाज कॉलेज फॉर वूमेन में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इनमें समूह नृत्य, लोकगीत, माइम, शॉर्ट फिल्म/रील, पेंटिंग, वाद-विवाद और स्लोगन लेखन जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

माई भारत चंडीगढ़ और चंडीगढ़ प्रशासन ने युवाओं, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से नशा मुक्त भारत के संकल्प को सशक्त बनाने के लिए अभियान में सक्रिय भागीदारी जारी रखने की अपील की।

इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने भी लोगों, विशेषकर युवाओं, को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक समस्या है और यदि पूरे देश की बात करें तो यह युवाओं के भविष्य के लिए बेहद घातक साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने की दिशा में सरकार द्वारा शुरू किया गया यह अभियान एक सराहनीय पहल है। युवाओं को खेलों को अपनाना चाहिए और अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। उन्होंने सभी युवाओं से नशा मुक्त अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा स्वयं और अपने परिवार को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रखने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित