अलवर , मई 16 -- राजस्थान प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष मदन सिंह राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर हमला बोलते हुए शनिवार को कहा कि जब वह खुद मुख्यमंत्री थे तब इन्होंने पानी बचाओ बिजली बचाओ की बात कही थी जिसका हमने स्वागत किया था लेकिन अब खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध की स्थिति के चलते अगर प्रधानमंत्री ने पेट्रोल डीजल बचाने की बात कह दी तो इसमें गलत क्या हो गया ।

श्री राठौड़ ने आज यहां अलवर दक्षिण के जिला स्तरीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर के बाद पत्रकारों से यह बात कही। उन्होंने कहा, "वह कहें तो सही और हम कहें तो गलत। विपक्ष को समझना चाहिए सरकार ने राष्ट्रहित में ही लोगों से आग्रह किया है। किसी को मना थोड़ी किया है।" उन्होंने प्रधानमंत्री के आग्रह करने के पीछे सबसे बड़ा मकसद यह है कि फिजूल खर्ची कम होगी। अति आवश्यक है तो वाहनों का इस्तेमाल करना ही पड़ेगा। किसी ने भी नहीं कहा कि आपको इस पर पाबंदी है। उन्होंने तो सिर्फ अनुरोध किया है, उसके बावजूद भी विपक्ष इस पर बेतुकी बातें कर रहा है ।

भाजपा नेताओं के पेट्रोल डीजल बचाने के सवाल पर उन्होंने कहा, "हम ज्यादातर बैठकें वर्चुअल करते हैं और एक महीने में चार-पांच बैठक वर्चुअल होती हैं। अगर आवश्यक है तो बैठक में हमें जाना पड़ता है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का एक प्रोटोकॉल होता है। जिसमें वाहन निर्धारित होते हैं। इसके बावजूद भी उन्होंने अपने काफिले में काफी कम वाहन कर लिए, लेकिन हम अपने स्तर पर एक ही गाड़ी लेकर चलते हैं। कोशिश रहती है कि सभी नेताओं को इस गाड़ी में बैठाने का प्रयास करते हैं।"राजनीतिक नियुक्तियों के सवाल पर उन्होंने कहा कि पूर्व में भी राजनीतिक नियुक्ति हुई हैं और अब भी हो रही हैं, लेकिन जिस तरह बड़े पैमाने पर राजनीतिक नियुक्तियों की बात चल रही है उस पर चर्चा हो रही है। शीघ्र ही उस पर निर्णय होगा। इसकी कोई समय सीमा नहीं है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी उन्होंने कहा कि समय आने पर सब अच्छा होगा।

नीट पेपर लीक होने के मामले में उन्होंने साफ कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के राज में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है । उन्होंने कहा कि उप निरीक्षक भर्ती सहित कई मामलों में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सबसे करीबी कटारा को गिरफ्तार किया गया तो वह तो पूरी भर्तियों में सरगना रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित