कोलकाता , जून 20 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 'पश्चिम बंगाल दिवस' के अवसर पर हुगली जिले के तारकेश्वर में एक जनसभा से पश्चिम बंगाल के लिए लगभग 590 करोड़ रुपये की तीन रेल परियोजनाओं का अनावरण किया।

इन परियोजनाओं में खड़गपुर मंडल के तहत सांतरागाछी और सांकराइल के बीच एक महत्वपूर्ण रेल संपर्क शामिल है। करीब 421 करोड़ रुपये की इस योजना से मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों का रास्ता अलग होने तथा परिचालन बाधाएं कम होने से यात्री ट्रेनों के समय पर चलने में सुधार होने की उम्मीद है। इससे माल ढुलाई के काम में भी तेजी आयेगी। इससे पूर्वी रेलवे और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे से आने वाली मालगाड़ियों, पार्सल ट्रेनों या यहां तक कि मिलेनियम पार्सल ट्रेनों को मुख्य लाइन के आवागमन को प्रभावित किए बिना सीधे सांकराइल माल यार्ड टर्मिनस तक पहुंचने में आसानी होगी।

सांतरागाछी-सांकराइल लिंक को फरवरी में रेलवे सुरक्षा आयुक्त द्वारा हरी झंडी दी गई थी। दक्षिण पूर्व रेलवे के तहत इस रेल मार्ग का उद्देश्य कोलकाता के रसद तंत्र को मजबूत करना है, जिससे टर्मिनलों, माल ढुलाई केंद्रों और औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंच में सुधार होगा।

प्रधानमंत्री की अनावरण की गई दक्षिण पूर्व रेलवे के तहत दूसरी परियोजना 71 करोड़ रुपये की लागत वाला एक सड़क पुल है। पूर्वी मेदिनीपुर जिले में हौर और राधामोहनपुर के बीच बनने वाले इस पुल से स्थानीय यातायात की बाधाएं दूर होने की उम्मीद है। श्री मोदी ने इस महत्वपूर्ण पुल की आधारशिला रखी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित