अगरतला , अक्टूबर 12 -- त्रिपुरा के उत्तरी त्रिपुरा जिले को देश के उन 100 जिलों में से एक माना गया है, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों की लंबी अवधि और छोटी-अवधि ऋण तक पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से तीन अहम योजनाएं शुरू की हैं। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ माणिक साहा ने रविवार को यह जानकारी दी है।
इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य कृषि उत्पादकता को बढ़ावा, फसलों में विविधता लाना और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना है। भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण और नानाजी देशमुख की जयंती पर श्री मोदी ने प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना, राष्ट्रीय दलहन मिशन और राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन का आधिकारिक रूप से शुभारंभ किया था।
ये योजनाएं कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों को नयी ऊर्जा देने का काम करेंगी। साथ ही विकसित भारत के विजन में योगदान देंगी तथा कृषि में लगे लोगों की आजीविका में सुधार लाएंगी। डॉ साहा ने कहा कि जीएसटी व्यवस्था में सुधार के बाद विभिन्न कृषि उत्पादों की कीमतों में कमी आयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित