पटना , नवंबर 10 -- ्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे और वैशाली में आयोजित होने वाले विशाल कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की पटना जिला स्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित की गई। ‎बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सह बिहार के सह-प्रभारी रोहन गुप्ता,जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ मंत्री एवं विधानसभा में विधायक दल के नेता श्रवण कुमार सहित राजग के सभी घटक दलों के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

‎ बैठक में कार्यक्रम को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। इस दौरान 11, 12 और 13 नवंबर को प्रखंड स्तर पर तथा 17 और 18 नवंबर को विधानसभा स्तर पर बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

‎बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा कार्यालय में राजग की यह संयुक्त बैठक उन लोगों को स्पष्ट संदेश है, जो गठबंधन को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में राजग पूरी एकजुटता और दृढ़ता के साथ आगे बढ़ रहा है। सभी घटक दल एक साथ मिलकर सरकार की उपलब्धियों और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए काम कर रहे हैं।

‎उन्होंने कहा कि सुशासन बाबू के रूप में पहचान बनाने वाले नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई यात्रा शुरू की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बिहार के समग्र विकास में केंद्र सरकार के पूर्ण सहयोग का संकल्प व्यक्त किया था। उसी कड़ी में प्रधानमंत्री 21 नवंबर को वैशाली के राजापाकर पहुंच रहे हैं, जहां करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बिहार के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। राजग के सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि प्रधानमंत्री का ऐतिहासिक स्वागत करें।

‎श्री द्विवेदी ने कहा कि किसी नेता का सच्चा स्वागत केवल सभा में भीड़ जुटाने से नहीं, बल्कि उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने से होता है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के कार्यकाल की उपलब्धियों, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में हो रही प्रगति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पिछले 12 वर्षों में गरीबों, किसानों और मजदूरों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों की चर्चा प्रत्येक गांव और घर में होनी चाहिए।‎उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया, समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और आपसी संवाद के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजापाकर की रैली में सभी कार्यकर्ता उत्साह के साथ शामिल हों। 21 नवंबर को पूरे बिहार में उत्सव जैसा वातावरण बनना चाहिए। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में विकसित बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित