पटना , जून 09 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर उनके 12 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा है कि उनके नेतृत्व में बिहार को विकास, आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में अभूतपूर्व सहयोग मिला है। श्री चौधरी ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में बिहार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि ज्ञान, शिक्षा और मोक्ष की भूमि रही है। चाणक्य और आर्यभट्ट जैसी महान विभूतियों की कर्मस्थली रहे बिहार ने विश्व को ज्ञान की नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना और वर्ष 2024 में उसके नए परिसर का उद्घाटन बिहार की गौरवशाली विरासत को पुनर्जीवित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
श्री चौधरी ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण और जननायक कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा आज भी बिहार के विकास का मार्गदर्शन कर रही है। कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने को उन्होंने सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2015 में बिहार के लिए घोषित एक लाख 25 हजार करोड़ रुपये के विशेष पैकेज तथा उसके बाद केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और सहायता से राज्य में आधारभूत संरचना का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण, मखाना बोर्ड के गठन और नए हवाई अड्डों के विकास जैसी परियोजनाओं ने बिहार की विकास यात्रा को नई गति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि कोसी महासेतु के निर्माण से दशकों से अलग पड़े मिथिलांचल के दोनों हिस्से पुनः जुड़े हैं। उन्होंने गंगा नदी पर गांधी सेतु के जीर्णोद्धार, नए पुलों के निर्माण, विक्रमशिला सेतु के समानांतर पुल, दीघवारा-शेरपुर पुल तथा राज्य में स्वीकृत पांच एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में संपर्क व्यवस्था को अभूतपूर्व मजबूती मिली है। इसके साथ ही वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत, पटना मेट्रो परियोजना तथा हाई स्पीड रेल की घोषणा भी राज्य के विकास को नई दिशा देने वाली पहल है।
श्री चौधरी ने कहा कि पटना हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन, दरभंगा और पूर्णिया हवाई अड्डों के विकास तथा बिहटा में निर्माणाधीन हवाई अड्डे से राज्य की प्रगति स्पष्ट दिखाई देती है। उन्होंने बताया कि दरभंगा में दूसरे एम्स के निर्माण और नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना में भी केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि बागमती-बूढ़ी गंडक रिवर लिंक योजना और कोसी-मेची रिवर लिंक परियोजना जैसी योजनाएं बाढ़ नियंत्रण और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वहीं प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना के तहत परियोजनाओं की नियमित समीक्षा से विकास कार्यों में तेजी आई है।
श्री चौधरी ने कहा कि पुनौराधाम में मां सीता की जन्मस्थली के विकास, राम जानकी पथ, अयोध्या से रेल संपर्क तथा नालंदा और गया में प्रस्तावित कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं बिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं से बिहार के करोड़ों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और सहयोग से बिहार विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
श्री चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी को देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक निरंतर जनसेवा का नया कीर्तिमान स्थापित करने पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सफल और दीर्घकालिक नेतृत्व की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित