पटना , जून 07 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष संजय सरावगी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आज प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की अध्यक्षता में नव नियुक्त प्रदेश महामंत्रियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

श्री सरावगी ने सभी नव नियुक्त महामंत्रियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचार आधारित संगठन है, जिसकी सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सफलता का आधार है और आने वाले समय में प्रत्येक पदाधिकारी को कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करना होगा।

श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संगठन की है। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखना अत्यंत आवश्यक है।

श्री सरावगी ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनावी सफलता तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित