फर्रुखाबाद , मई 15 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में भाजपा वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रत्येक निर्णय देशहित को ध्यान में रखकर लिया जाता है।
गंगा पांचाल घाट स्थित नारायण आश्रम में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए श्री कठेरिया ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य संगठनात्मक क्षमता, नेतृत्व विकास और विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी संगठन है, जो राजनीति को जनसेवा का माध्यम मानकर समान विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करता है।
उन्होंने भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा के गठन तक की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1980 में भाजपा का गठन हुआ, जिसके प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी थे। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की एकात्म मानववाद की विचारधारा को लेकर भाजपा आगे बढ़ रही है।
श्री कठेरिया ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण, परिवारवाद और पूंजीवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 1975 की आपातकाल अवधि में जनसंघ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हजारों कार्यकर्ताओं को जेल में डाला गया था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी विचारधारा के कारण भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरा देश उनके साथ खड़ा हो जाता है। भाजपा समाज को तोड़ने की राजनीति नहीं करती, बल्कि अंत्योदय के लक्ष्य के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति के विकास के लिए कार्य करती है।
प्रधानमंत्री द्वारा एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद टालने और पेट्रोल-डीजल के कम उपयोग की अपील का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री का हर फैसला देशहित में होता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित