नयी दिल्ली , मार्च 23 -- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8,931 दिनों के सार्वजनिक कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए उनकी जमकर सराहना की। श्री चौहान ने कहा कि श्री मोदी एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक संस्था हैं।
श्री चौहान ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि श्री मोदी अब भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित सरकार के मुखिया रहने वाले नेता बन गए हैं। उन्होंने कहा कि इतने लंबे कार्यकाल को कुछ शब्दों में समेटना संभव नहीं है, क्योंकि श्री मोदी अपने आप में एक संस्था हैं।
श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दिन-रात मेहनत कर देश सेवा का उदाहरण पेश किया है। उनका समर्पण और कार्यशैली हर किसी के लिए प्रेरणा है। जब प्रधानमंत्री मोदी की माता का निधन हुआ, तब भी उन्होंने अपने कर्तव्यों को प्राथमिकता दी। पारिवारिक जिम्मेदारी निभाने के बाद वह तुरंत अपने तय कार्यक्रम में शामिल हुए, जो उनके कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित