भोपाल , जुलाई 27 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम में सीधी जिले में लगभग 1500 तालाब बनाए जाने के दावे पर सवाल उठाते हुए इसे तथ्यहीन बताया है।
श्री सिंह ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि किसी भी जिले में एक साथ 1500 खेत तालाबों का निर्माण होना बड़ी उपलब्धि होती, लेकिन यदि वास्तव में इतने तालाब बने होते तो उनके अस्तित्व का प्रमाण जिले के लोगों को दिखाई देता।
उन्होंने मांग की कि 'मन की बात' में उल्लेखित सभी 1500 तालाबों की वास्तविक स्थिति, संबंधित ग्राम पंचायतों के नाम, निर्माण की तिथि तथा निर्माण लागत का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए, ताकि जिले के लोग स्वयं मौके पर जाकर इन दावों का सत्यापन कर सकें।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जमीनी स्तर पर ऐसी कोई बड़ी उपलब्धि दिखाई नहीं देती, जिससे आशंका होती है कि तालाबों की स्वीकृतियां केवल कागजों पर जारी की गई हों और बिना वास्तविक निर्माण कार्य के भुगतान कर दिया गया हो। उन्होंने इस मामले में भ्रष्टाचार की आशंका भी व्यक्त की। श्री सिंह ने कहा कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए, ताकि जनता के सामने वास्तविक तथ्य आ सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित