वाराणसी , अक्टूबर 14 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित अरविंद मिल की नई इकाई के प्रस्तावित लोकार्पण की तैयारियों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस इकाई का लोकार्पण 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों प्रस्तावित है। इकाई में करीब 100 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है और इसके माध्यम से एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां गांव स्थित जनता इंटर कॉलेज के मैदान में बने हेलीपैड पर उतरा। यहां से वह सड़क मार्ग से करीब एक किलोमीटर की दूरी तय कर अरविंद मिल की नई इकाई पहुंचे और वहां चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इकाई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से बातचीत कर उनके प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी ली।

मिर्जामुराद के रूपापुर चौराहे के निकट खोचवां (भड़ेहरा) गांव में राजमार्ग किनारे सात एकड़ से अधिक भूमि पर इस इकाई की स्थापना की गई है। इसमें करीब 100 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। कंपनी में काम करने वाली करीब 300 महिलाओं को फिलहाल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इकाई के शुरू होने से एक हजार से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

इस इकाई में स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट का उत्पादन किया जाएगा। भविष्य में यहां निवेश के दूसरे चरण की भी योजना है। अरविंद मिल समूह जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे प्रसिद्ध ब्रांडों के परिधान तैयार करता है। इनमें पैंट, शर्ट, टी-शर्ट और जींस सहित अन्य उत्पाद शामिल हैं। अरविंद मिल की इस नई इकाई का भूमिपूजन 25 अप्रैल 2024 को हुआ था। अब इसका लोकार्पण 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित