जौनपुर , जून 21 -- उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने रविवार को कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है, जिसे ऋषि-मुनियों ने मानव कल्याण के लिए विकसित किया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के 200 से अधिक देशों में लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं।
प्रदेश शासन के निर्देश के क्रम में जौनपुर के ऐतिहासिक शाही किले के प्रांगण में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का रविवार को भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम रही "योग फॉर हेल्थी एजिंग" (स्वस्थ आयु के लिए योग)। कार्यक्रम का शुभारंभ खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चन्द्र यादव, एमएलसी बृजेश सिंह "प्रिंशू", अध्यक्ष नगर पालिका परिषद जौनपुर मनोरमा मौर्य, महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा अजीत प्रजापति, डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। राज्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि योग मानव जीवन को स्वस्थ, संतुलित एवं निरोग बनाने का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने बताया कि 15 जून 21 जून तक योग सप्ताह के अंतर्गत जनपद में विभिन्न योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा से देश एवं प्रदेश के लोग योग से जुड़ रहे हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए नियमित योगाभ्यास करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के योग दिवस पर कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को भी देखा गया। उपस्थित सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश के सह राज्य प्रभारी श्री अचल हरिमूर्ति द्वारा कराया गया। प्रोटोकॉल के अंतर्गत गर्दन, कंधों एवं कमर से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु सरल एवं सहज व्यायामों के साथ ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, उत्तानपादासन, शशकासन, मकरासन एवं भुजंगासन सहित अन्य आसन का अभ्यास कराया गया। इसके अतिरिक्त कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी एवं शीतली प्राणायाम के साथ ध्यान का भी अभ्यास कराया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों द्वारा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया गया तथा शांति पाठ के साथ 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।
कार्यक्रम के सफल एवं भव्य आयोजन पर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने कार्यक्रम से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा एनसीसी स्वयंसेवकों की सराहना की, साथ ही पुलिस विभाग द्वारा किए गए उत्कृष्ट ट्रैफिक एवं यातायात व्यवस्था की भी प्रशंसा की। उन्होंने सभी से अपील किया कि अपने फोटो व सेल्फी आयुष कवच ऐप तथा लिंक पर अवश्य अपलोड करें।
उल्लेखनीय है कि योग सप्ताह के अंतर्गत दिनांक 15 जून से 20 जून 2026 तक जनपद स्तर, तहसील स्तर, विकास खंड स्तर एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रमों में लगभग 6,71,370 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। इसमें जनपद स्तर पर करीब 20,122, तहसील स्तर पर 53,330, विकास खंड स्तर पर 95,608 तथा ग्राम पंचायत स्तर पर 5,02,310 प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया। यह जनपदवासियों में योग के प्रति बढ़ती जागरूकता एवं जनसहभागिता का प्रतीक है। कार्यक्रम का संचालन प्रीति और नूपुर श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, कर्मचारीगण, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित