वाराणसी , अप्रैल 22 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 28 अप्रैल को प्रस्तावित वाराणसी आगमन के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शहर को वीआईपी मूवमेंट के अनुकूल स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए निगम ने हाई-अलर्ट जारी करते हुए सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और जन-सुविधाओं की विशेष कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत आज से एक सप्ताह तक सभी वार्डों में महासफाई अभियान चलाया जाएगा, जिसकी निगरानी सीधे सेंट्रल कमांड के जरिए होगी।

सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वीआईपी आगमन के दौरान व्यवस्थाओं में कोई चूक नहीं होनी चाहिए।

अगले एक सप्ताह तक प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से 9:00 बजे तक चलने वाले सप्ताहव्यापी महा-अभियान की निगरानी स्वयं महापौर करेंगे। महापौर प्रतिदिन एक वार्ड का दौरा करेंगे। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षदों और विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी, ताकि वार्ड स्तर पर सफाई व्यवस्था को जमीनी स्तर पर सुधारा जा सके। इसके अतिरिक्त, शहर भर के वॉटर एटीएम को सुचारू रूप से संचालित करने और सभी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करने के भी कड़े निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित