चंडीगढ़ , जुलाई 20 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा घोषित बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से पंजाब के 12 जिलों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं राज्य की कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास और आर्थिक गतिविधियों को नयी गति देंगी।
श्री ढिल्लों ने कहा कि 1,570 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आईटी सिटी-कुराली ग्रीनफील्ड हाईवे तथा अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड हाईवे के पीआर-7 स्पर से एसएएस नगर (मोहाली) और रूपनगर जिले विशेष रूप से लाभान्वित होंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र को उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी और शहरी विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि दक्षिणी लुधियाना बाईपास का शिलान्यास होने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा, माल ढुलाई सुगम बनेगी तथा लुधियाना, बठिंडा और अन्य प्रमुख आर्थिक केंद्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान घोषित परियोजनाओं का लाभ जालंधर, एसएएस नगर (मोहाली), रूपनगर, श्री मुक्तसर साहिब, होशियारपुर, अमृतसर, लुधियाना, कपूरथला, तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट सहित आसपास के क्षेत्रों को मिलेगा। इससे यह स्पष्ट होता है कि केंद्र सरकार की विकास योजनाएं पंजाब के हर क्षेत्र तक पहुंच रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित