चंडीगढ़ , अगस्त 02 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किये गये 'नशा मुक्त युवा अभियान' को देश के युवाओं को नशे की लत से बचाने और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान युवाओं को स्वस्थ, जागरूक और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करेगा। रविवार को जारी बयान में श्री ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा देश की युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाने को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि 'विकसित भारत' का सपना तभी साकार हो सकता है, जब देश का युवा शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और अच्छे मूल्यों से प्रेरित हो। उनका कहना था कि यह अभियान लाखों युवाओं को नशे से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा।

पंजाब की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद तीन महीने के भीतर नशा खत्म करने का वादा करने वाली सरकार साढ़े चार वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस परिणाम देने में असफल रही है।

श्री ढिल्लों ने कहा कि जहां केंद्र सरकार नशे के खिलाफ लगातार ठोस कदम उठा रही है, पंजाब सरकार केवल प्रचार तक सीमित है और वास्तविक परिणाम देने के बजाय भ्रामक दावे कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में नशे का नेटवर्क लगातार फैलता गया है, जिससे अनेक परिवार प्रभावित हुए हैं और युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का 'नशा मुक्त युवा अभियान' नशे के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत करेगा। भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान का संदेश पंजाब के हर गांव, कस्बे और शहर तक पहुंचाकर लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करेंगे।

श्री ढिल्लों ने पंजाब के युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, स्वरोजगार और राष्ट्र निर्माण में लगायें। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और उनके सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित