रायगढ़ , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ के रायगढ़ नगर निगम में महापौर जीवर्धन चौहान द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र शुक्रवार को वितरित किए गए।
आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लाभार्थियों को योजना के तहत प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
महापौर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पहली किश्त में 130 हितग्राहियों को स्वीकृति दी गई थी, जबकि दूसरी किश्त में 210 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है। इस प्रकार कुल 340 गरीब परिवारों को योजना का लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को पक्के मकान उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को अपना घर बनाने का अवसर मिला है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हुआ है और उनमें खुशी का माहौल है।
महापौर चौहान ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों के चेहरे पर संतोष और खुशी स्पष्ट दिखाई दी।
कार्यक्रम में उपस्थित हितग्राहियों ने नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे योजना का पूरा लाभ लेकर जल्द ही अपने मकान का निर्माण कार्य पूर्ण करेंगे।
इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि जो हितग्राही निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना मकान निर्माण की कार्य पूरा करेंगे, उन्हें चौथी किश्त के तहत 32,850 रुपये की प्रोत्साहन राशि (बोनस) भी प्रदान की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित