अगरतला , जनवरी 30 -- त्रिपुरा राजपरिवार के वंशज और राज्य सरकार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी दल टिपरा मोथा के संस्थापक प्रद्योत किशोर देववर्मन ने विकास के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए त्रिपुरा के सभी समुदायों से एकजुट होने की अपील दोहरायी है।
श्री देववर्मन कहा कि हालिया घटनाक्रमों, विशेषकर बंगलादेश की स्थिति को देखते हुए, राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने बंगलादेश में अल्पसंख्यक समुदायों हिंदू, बौद्ध और ईसाइयों के सामने आ रही चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां हमले, आगजनी और भूमि अतिक्रमण जैसी घटनाएं चिंता का विषय हैं।
उन्होंने 1946 के नोआखाली दंगों के ऐतिहासिक संदर्भ का भी जिक्र किया और उस समय त्रिपुरा द्वारा शरणार्थियों को दिये गये सहयोग को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में एकजुट रहना और सशक्त प्रतिक्रिया देना बेहद जरूरी है।
श्री देववर्मन ने राजनीतिक सहभागिता के साथ-साथ आर्थिक विकास के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने में मदद के लिए कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं की स्थापना की वकालत की, ताकि स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो और त्रिपुरा का भविष्य बेहतर बनाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित