देहरादून , अप्रैल 27 -- उत्तराखंड विधानसभा के मंगलवार को आहूत विधानसभा (विस) के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस ने सोमवार को सत्तारूढ़ राज्य सरकार व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में एआईसीसी सदस्य व प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि केंद्र सरकार को तर्ज पर उत्तराखंड की भाजपा सरकार भी महिला आरक्षण के नाम पर उत्तराखंड की जनता और विशेष कर महिलाओं की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश कर रही है।

श्री धस्माना ने कहा कि देश की संसद ने वर्ष 2023 में ही महिलाओं के लिए संसद और विधान सभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का बिल पास कर राष्ट्रपति के हस्ताक्षर से उसे कानून बना दिया। किंतु उसको लागू करने की राह में भाजपा सरकार ने हो उसमें जनगणना व परिसीमन का अड़ंगा लगा दिया था। उन्होंने कहा कि हाल ही में लोकसभा का विशेष सत्र आहूत कर केंद्र की एनडीए सरकार ने महिला आरक्षण के नाम पर देश के संघीय ढांचे को तहस नहस करने की नियत से बिना विपक्ष को विश्वास में लिए एक विधेयक पेश किया जिसमें बिना जातीय जनगणना के पूर्ण हुए 850 लोक सभा सीटें बनाने का मसौदा शामिल था।

श्री धस्माना ने कहा कि केंद्र सरकार के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए अब प्रदेश की सत्ताधारी दल भाजपा ने 28 अप्रैल को राज्य विधानसभा का विशेष सत्र आहूत किया है। जिसमें कोई विधाई कार्य नहीं होगा केवल जनता को गुमराह करने के लिए कोई निंदा प्रस्ताव लाने की तैयारी है। किन्तु कांग्रेस पार्टी राज्य की महिलाओं के खिलाफ भाजपा राज में बड़े अपराध, अंकिता भंडारी प्रकरण से लेकर सल्ट, चम्पावत, संतरेशा हरिद्वार, आईएसबीटी बालिका रेप कांड व पलटन बाजार में गला रेत कर हुई तमाम घटनाओं पर पार्टी के विधायक सरकार पर हल्ला बोलेंगे।

श्री धस्माना ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता गांव गांव जा कर महिला आरक्षण पर भाजपा की पोल पट्टी खोलेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में प्रदेश भर के अंदर ब्लॉक स्तर पर महिला पंचायतें व संवाद कार्यक्रम रखा जाएगा जिसमें प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता महिलाओं के मुद्दों पर भाजपा सरकार की अकर्मण्यता व महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामलों में भाजपा के दायित्वधारियों व पदाधिकारियों की संलिप्तता उजागर करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित