पटना , फरवरी 26 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के विधायक और प्रसिद्ध भोजपुरी गीतकार विनय बिहारी ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश में शराब सर्वत्र उपलब्ध है और शराबबंदी बंदी बहुत पहले दम तोड़ चुकी है।

श्री बिहारी ने आज मीडिया से बात करते हुए कहा कि एक दिन पहले वह एक बरात में गये थे, जहां आधे से ज्यादा लोग शराब पिये हुए थे। उन्होंने कहा कि दिखावे के लिए शराब जब्त कर जमीन में गाड़ देने से कोई मकसद हासिल नही होने वाला है। उन्होंने कहा कि अगर सचमुच शराबबंदी होती तो तो वह इसका जरूर समर्थन करते, लेकिन इस झूठ को क्यों प्रश्रय दिया जाए। उन्होंने गायन शैली में कहा कि इस शराबबंदी से मिले रिश्वत की वजह से पुलिस अधीक्षक से ज्यादा थानेदार कमा रहे हैं।

भाजपा विधायक ने कहा कि शराब के अलावा नशे के कई रूप होते हैं। उन्होंने कहा कि तरल के अलावा विभिन्न प्रकार के सूखे नशे गांजा, चरस वगैरा भी चोरी से बाज़ार में उपलब्ध है और सरकार को उंस पर भी ध्यान देना चाहिए।

श्री बिहारी ने कहा कि पड़ोस के भाजपा शासित राज्य उत्तरप्रदेश में शराब सुलभ उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि गुजरात मे भी कुछ नियमों के साथ शराब मिल जाती है और बिहार में पूर्णतः बंद होने के बावजूद यह चारो तरफ उपलब्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित