लखनऊ , मार्च 12 -- इजरायल-अमेरिका और ईरान में जारी युद्ध के बीच गैस सिलेंडर की कमी को लेकर चल रही अफवाहों पर विराम लगाने को लेकर गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था को सख्ती से रोका जाए।

मुख्य सचिव की तरफ से यह निर्देश मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स इंडिया के सचिव की अध्यक्षता में एक दिन पूर्व आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक के बाद जारी किए गए हैं, जिसमें पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई थी।

श्री गोयल ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि आम जनता को यह स्पष्ट रूप से आश्वस्त किया जाए कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता में किसी प्रकार की समस्या नहीं है। साथ ही एलपीजी के संबंध में यह जानकारी दी जाए कि भारत सरकार द्वारा अस्थायी रूप से घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है और पारदर्शी वितरण के लिए ओटीपी आधारित रीफिल डिलीवरी प्रणाली लागू की जा रही है।

निर्देशों में कहा गया है कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों या भ्रामक संदेशों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। गैस सिलेंडर के वितरण के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और सिलेंडर परिवहन करने वाले वाहनों को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा गैस एजेंसियों द्वारा किसी प्रकार की कालाबाजारी या अवैध बिक्री रोकने के लिए कड़े कदम उठाने तथा सामान्य वितरण व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित