पटना , जुलाई 14 -- बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड(जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार मंगलवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे और वहां उपस्थित कार्यकर्ताओं को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एकजुट हो कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार को जीत दिलाने का संदेश दिया।

पूर्व मुख्यमंत्री श्री कुमार के आगमन पर प्रदेश कार्यालय परिसर में उपस्थित नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया। श्री नीतीश कुमार ने उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से आत्मीय भेंट की, उनका अभिवादन स्वीकार किया तथा सभी का कुशलक्षेम जाना।

श्री कुमार ने इस दौरान प्रदेश कार्यालय परिसर का निरीक्षण किया तथा कार्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तृत जायजा भी लिया। उन्होंने पार्टी कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम का जायजा लेते हुये उचित दिशा-निदेश देते हुये वहां उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन भी किया।

श्री कुमार ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राजग प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए संगठित होकर कार्य करे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने और अनुशासित व सकारात्मक तरीके से चुनाव प्रचार करने का निर्देश देते हुये विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत औरजनता के समर्थन से बांकीपुर राजग प्रत्याशी का प्रदर्शन शानदार होगा।

इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित