गुरदासपुर , अप्रैल 22 -- पंजाब के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक्क बुधवार को गुरदासपुर अनाज मंडी पहुंचे और गेहूं खरीद व्यवस्था का जायजा लिया।
पत्रकारों से बात करते हुए श्री कटारूचक्क ने कहा कि अब तक 61 लाख टन फसल मंडियों में पहुंची है, जिसमें से 57 लाख टन गेहूं की खरीद और 7109 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि बीते कल रिकॉर्ड 12 लाख टन फसल मंडियों में पहुंची थी। उन्होंने कहा कि गेहूं के आगमन में तेजी आयी है और पंजाब भर की मंडियों में रोजाना बड़ी संख्या में फसल पहुंच रही है।
उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए सुचारु रूप से प्रबंध किये गये हैं। उन्होंने कहा कि वे रोजाना विभिन्न जिलों की अनाज मंडियों में जाकर खरीद प्रबंधों का जायजा ले रहे हैं ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की कोई कठिनाई पेश न आये।
श्री कटारूचक्क ने कहा कि इस सीजन में प्रदेश का 122 लाख टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य है। उन्होंने मंडियों में बारदाने की उपलब्धता, लिफ्टिंग, साफ-सफाई और किसानों के लिए पीने के पानी, छाया आदि के प्रबंधों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मंडियों में आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और लिफ्टिंग का काम तेजी से निपटाया जाये।
गौरतलब है कि गुरदासपुर जिले के अंदर एक लाख 69 हजार 195 टन फसल की खरीद (21 अप्रैल तक) कीजा चुकी है और किसानों को 267 करोड़ 60 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित