भोपाल , अक्टूबर 19 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों में विद्यार्थियों के नामांकन में आई गिरावट पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पहली से बारहवीं कक्षा तक विद्यार्थियों के नामांकन में एक वर्ष के भीतर करीब 8.66 लाख की कमी शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

पटवारी के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2025-26 में प्रदेश के स्कूलों में कुल 1,42,31,833 विद्यार्थियों का नामांकन दर्ज था, जबकि 13 अक्टूबर तक सत्र 2026-27 में यह संख्या घटकर 1,33,65,225 रह गई। इस तरह नामांकन में 8,66,608 विद्यार्थियों की कमी आई है, जो लगभग 6.1 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि भोपाल में ही 20 हजार से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन कम हुआ है। मऊगंज, अलीराजपुर, अशोकनगर, शिवपुरी और गुना जिलों की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है।

उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी गिरावट के कारणों की पड़ताल जरूरी है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि बच्चे स्कूलों से दूर हो रहे हैं, आर्थिक परिस्थितियों के कारण पढ़ाई छोड़ रहे हैं या नामांकन और आंकड़ों के संकलन में कोई समस्या है।

पटवारी ने मांग की कि जिलेवार और स्कूलवार आंकड़ों का सत्यापन कर नामांकन में कमी के वास्तविक कारण सार्वजनिक किए जाएं। स्कूल छोड़ चुके बच्चों की पहचान कर उनकी पढ़ाई दोबारा शुरू कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार जवाबदेही तय करे और सुनिश्चित करे कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित