पटना, जून 19 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पटना साहिब स्थित तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा में मत्था टेका और खुसरूपुर स्थित श्री जगदम्बा धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
श्री कुमार ने इस अवसर पर ईश्वर से प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
पूर्व मुख्यमंत्री ने दर्शन-पूजन के उपरांत गुरुद्वारा एवं मंदिर परिसर का भ्रमण कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों और सुविधाओं का जायजा लिया।
दोनों धार्मिक स्थलों पर श्री कुमार के आगमन से श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। विशेषकर महिला श्रद्धालुओं ने ''नीतीश कुमार जिंदाबाद'' के नारे लगाकर उनका स्वागत किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से आत्मीयतापूर्वक मुलाकात की और हाथ जोड़कर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित