पन्ना , जुलाई 24 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुंदेलखंड की धरती हीरों, वीरों और महावीरों की धरती है तथा प्रदेश को हीरे के रूप में वैश्विक पहचान दिलाने में पन्ना का योगदान अद्वितीय रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की छवि को चमकाने में पन्ना की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री पन्ना जिला मुख्यालय स्थित होमगार्ड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रिमोट के माध्यम से लगभग 184 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश के करीब 35 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 210 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं के हितग्राहियों तथा आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतों को प्रतीक स्वरूप प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विरासत से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी, जिससे विवाह, तलाक और उत्तराधिकार संबंधी कानून सभी नागरिकों पर समान रूप से लागू होंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विधेयक हाल ही में विधानसभा से पारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से बुंदेलखंड में सिंचाई और पेयजल व्यवस्था में सुधार होगा तथा क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने किसानों से भूमि नहीं बेचने की अपील करते हुए कहा कि परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित भूमि का चार गुना मुआवजा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं है। युवाओं के रोजगार के लिए पुलिस विभाग में 10 हजार पदों सहित विभिन्न विभागों में एक लाख से अधिक पद स्वीकृत किए गए हैं। सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए गोपाल अभियान संचालित किया जा रहा है तथा सांची सहकारिता को मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में देश के कुल दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश की हिस्सेदारी 12 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने मत्स्य पालन को भी बढ़ावा देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में सरकार लगातार कार्य कर रही है। विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सांदीपनी विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में औद्योगिक विकास, खाद्य प्रसंस्करण तथा निवेश को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
उन्होंने घोषणा की कि इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में फास्ट ट्रैक न्यायालय स्थापित किए जाएंगे। साथ ही पन्ना में अगले वर्ष से मेडिकल कॉलेज प्रारंभ करने, भगवान जुगल किशोर मंदिर के विकास, बृजपुर में महाविद्यालय खोलने तथा विभिन्न सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू होने से सभी नागरिक एक समान कानून के दायरे में आएंगे। पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री का जिले को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देने के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे सिंह परमार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय, बृजेन्द्र मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित