रायपुर , मार्च 27 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने पेट्रोल और डीजल पर केंद्र सरकार द्वारा स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी में की गई कटौती को जनता के लिए अप्रभावी बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस निर्णय से आम उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं मिलेगी, बल्कि इसका लाभ पेट्रोलियम कंपनियों के मुनाफे में समायोजित हो जाएगा।
दीपक बैज ने कहा कि यदि केंद्र सरकार की मंशा वास्तव में जनता को राहत देने की होती, तो पेट्रोल और डीजल के खुदरा दामों में सीधी कमी दिखाई देती। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा राहत देने के दावे भ्रामक हैं और जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं को इसका कोई फायदा नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि डीजल को स्पेशल एडिशनल एक्साइज से मुक्त करने और पेट्रोल पर 10 रुपये की कटौती को सरकार का "अहसान" बताना गलत है। उनके अनुसार, यह पूरी राहत तेल कंपनियों के मुनाफे में समाहित हो जाएगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2020 से अब तक केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर भारी एक्साइज ड्यूटी लगाकर करीब 44 लाख करोड़ रुपये की वसूली आम जनता से की है। कोरोना काल के दौरान डीजल पर 30 रुपये और पेट्रोल पर 35 रुपये तक एक्साइज बढ़ाया गया था, जिसे बाद में सीमित रूप से कम किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित