भोपाल , मई 24 -- मध्यप्रदेश पुलिस ने अपराधियों, फरार वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रदेशव्यापी विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर 2100 से अधिक वारंट तामील करते हुए वारंटियों को गिरफ्तार किया। अभियान में 2500 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा देर रात से सुबह तक चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना बताया गया है। अभियान के दौरान सूचीबद्ध बदमाशों, गुंडों, हिस्ट्रीशीटरों और जिला बदर अपराधियों की धरपकड़ एवं चेकिंग की गई। साथ ही आबकारी एक्ट, जुआ-सट्टा, अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
प्रदेश के ग्वालियर में पुलिस ने 249 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 121 स्थायी और 128 गिरफ्तारी वारंट शामिल रहे। इसके अलावा 303 गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों की जांच कर अवैध शराब एवं हथियारों पर कार्रवाई की गई।
जबकि जबलपुर में कॉम्बिंग गश्त के दौरान 120 स्थायी एवं 71 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 191 वारंट तामील किए गए। टीकमगढ़ में दो दिवसीय विशेष अभियान के तहत छह स्थायी, 55 गिरफ्तारी, 160 जमानती एवं 246 अन्य सहित कुल 467 वारंट तामील किए गए। साथ ही सघन वाहन चेकिंग और आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
वही मुरैना में पुलिस ने 73 स्थायी वारंटी, 63 गिरफ्तारी वारंटी तथा 14 ईनामी एवं फरार बदमाशों सहित कुल 150 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त 28 हिस्ट्रीशीटर और 18 जिला बदर अपराधियों की चेकिंग की गई। थाना पहाड़गढ़ पुलिस ने आठ पेटी अवैध देशी शराब भी जब्त की।
तो विदिशा जिले में 720 स्थानों पर दबिश देकर 29 स्थायी, 102 गिरफ्तारी और 166 जमानती वारंट सहित कुल 297 वारंट तामील किए गए। साथ ही 201 बदमाशों के ठिकानों पर रेड और 158 हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग की गई।
उज्जैन में 85 स्थायी, 110 गिरफ्तारी और पांच वसूली वारंट सहित कुल 200 वारंट तामील किए गए। पुलिस ने 150 से अधिक निगरानी, गुंडा एवं चाकूबाज बदमाशों की चेकिंग की तथा हत्या एवं हत्या के प्रयास के मामलों में फरार चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। खंडवा में पुलिस ने 30 स्थायी, 97 गिरफ्तारी और 17 अन्य वारंट तामील करते हुए 144 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मंदसौर में 78 स्थायी और 31 गिरफ्तारी वारंटियों सहित कुल 109 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 68 ग्राम एमडी ड्रग, 65 किलोग्राम डोडाचूरा तथा 57 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की गई। जुआ-सट्टा के मामलों में भी कार्रवाई की गई।
शाजापुर में पुलिस ने 53 स्थायी और 97 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 150 वारंट तामील किए। वहीं सिवनी जिले में 103 वारंटियों को गिरफ्तार कर निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई। खरगोन जिले में पुलिस ने 19 स्थायी और 68 गिरफ्तारी वारंटियों सहित कुल 87 अपराधियों को गिरफ्तार किया।
मध्यप्रदेश पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय उत्पन्न करना, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना तथा प्रदेश में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित