प्रदूषित जल पीने से तीन मोरों और दो गायों की मौत ग्रामीणों ने लगाया जाममुरैना , मई 11 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में खराब टायरों से तेल निकालने वाली फैक्ट्रियों से कथित रूप से छोड़े गए रासायनिक प्रदूषित पानी को पीने से तीन राष्ट्रीय पक्षी मोर और दो गायों की मौत का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने आज सोमवार को आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्रियों से निकलने वाला केमिकलयुक्त पानी सांक और आसन नदियों में छोड़ा जा रहा है, जिससे पशुओं की मौत हो रही है और क्षेत्र में बीमारियां फैल रही हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन संबंधित फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि प्रदूषित पानी पीने के कारण ही मोरों और गायों की मौत हुई है।

जाम की सूचना मिलने पर अतिरिक्त कलेक्टर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मृत मोरों और गायों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा तथा रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित