नयी दिल्ली , नवंबर 02 -- दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के लगातार बढ़ते स्तर को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के दूसरे चरण को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।
सीएक्यूएम ने यह फैसला सोमवार को आयोग की ग्रैप उप-समिति की बैठक में दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में तेजी से हुई वृद्धि और आने वाले दिनों में स्थिति और खराब रहने के पूर्वानुमान के मद्देनजर लिया गया।
आयोग के अनुसार दिल्ली का एक्यूआई 31 अक्टूबर को 117 दर्ज किया गया था, जो मध्यम श्रेणी में आता है। इसके बाद एक नवंबर को यह बढ़कर 261 पहुंच गया और दो नवंबर को इसमें और वृद्धि होकर 324 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और आईआईटीएम के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में भी दिल्ली की वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बने रहने की आशंका है। इन परिस्थितियों की व्यापक समीक्षा के बाद उप-समिति ने पूरे दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप के दूसरे चरण के तहत निर्धारित सभी प्रतिबंधात्मक और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी उपाय तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्णय लिया।
आयोग ने सभी संबंधित एजेंसियों को ग्रैप के पहले और दूसरे चरण के तहत निर्धारित उपायों को पूरी गंभीरता से लागू करने, उनकी निगरानी करने और कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिये हैं। साथ ही एजेंसियों को प्रदूषण की स्थिति पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है, ताकि वायु गुणवत्ता का स्तर और नीचे न गिरे। आयोग ने नागरिकों से भी ग्रैप के पहले और दूसरे चरण के नागरिक चार्टर का सख्ती से पालन करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित