अग्रज प्रताप सिंह सेनयी दिल्ली , जुलाई 26 -- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के शनिवार को इस्तीफा देने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा एक महीने से अधिक समय से चल रहा प्रदर्शन समाप्त किए जाने के साथ ही राजधानी का प्रमुख प्रदर्शन स्थल जंतर-मंतर रविवार को फिर सामान्य स्थिति में लौट आया।

पिछले कई सप्ताह से भारी भीड़ और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का केंद्र रहे जंतर-मंतर पर रविवार को सन्नाटा पसरा रहा। प्रदर्शनकारियों के लौटने के बाद क्षेत्र में सामान्य आवाजाही बहाल हो गयी।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने भी सामान्य परिचालन बहाल करते हुए सुरक्षा कारणों से बंद किए गए 18 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार फिर से खोल दिये।

डीएमआरसी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में कहा, "दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशन यात्रियों के लिए प्रवेश और निकास दोनों ओर से खुले हैं।"जंतर-मंतर पर बड़े पैमाने पर चल रहे प्रदर्शन के मद्देनजर पिछले कुछ दिनों से करीब 18 मेट्रो स्टेशनों के कुछ प्रवेश और निकास द्वार एहतियातन बंद रखे गये थे।

प्रदर्शनकारियों, समर्थकों और सुरक्षा बलों से शनिवार तक भरी रहने वाली जंतर-मंतर और आसपास की सड़कें रविवार को लगभग खाली नजर आयीं। प्रदर्शन समाप्त होने के तुरंत बाद नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में रातभर विशेष सफाई एवं पुनर्स्थापन अभियान चलाया।

कचरा हटाने, क्षतिग्रस्त सार्वजनिक ढांचे की मरम्मत और क्षेत्र को पूर्ववत करने के लिए बड़ी संख्या में सफाईकर्मियों, नगर निकाय अधिकारियों और भारी मशीनों को लगाया गया। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने पूरी रात अभियान की निगरानी की।

सफाई अभियान जंतर-मंतर रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, संसद मार्ग, जय सिंह मार्ग तथा कनॉट प्लेस के आसपास के क्षेत्रों में चलाया गया। सफाई दलों ने लगातार काम कर पूरे क्षेत्र को सामान्य स्थिति में लाने का प्रयास किया।

एनडीएमसी के अनुसार, प्रदर्शन समाप्त होने के बाद श्री चहल स्वयं मौके पर मौजूद रहे और कचरा हटाने, सफाई, मरम्मत तथा पुनर्स्थापन कार्यों की निगरानी करते रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के साथ अभियान शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये।

उन्होंने रविवार को दोबारा क्षेत्र का दौरा कर कार्यों का निरीक्षण किया और यह सुनिश्चित किया कि सार्वजनिक स्थल पूरी तरह स्वच्छ, सुरक्षित और यात्रियों तथा आगंतुकों के उपयोग के लिए तैयार हों।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित