नयी दिल्ली , अक्टूबर 17 -- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान छात्राओं और महिलाओं के साथ पुलिस बर्बरता कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और यह सब एक साजिश के साथ किया जा रहा है।
श्री गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पुलिस प्रताड़ना की शिकार छात्राओं और महिलाओं से मुलाकात में उनकी आपबीती सुनने के बाद शनिवार को आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान छात्राओं और महिलाओं के साथ दिल्ली पुलिस ने यौन उत्पीड़न किया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदर्शनकारी महिलाओं के कपड़े खींचे गये और निजी अंगों को छूने जैसी हरकतें हुई हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए आवाज उठाने वालों को डराने और उनकी आवाज दबाने की साजिश करार दिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ लोकतंत्र को बचाने के लिए प्रदर्शन कर उठने वाली छात्राओं और महिलाओं की आवाज दबाने के लिए उनको डराने, धमकाने तथा अपमानित करने की पूरी कोशिश की जा रही है। सरकार साजिश कर उन्हें डरा रही हैं ताकि वे दोबारा सवाल उठाने की हिम्मत न करें।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जानते हैं कि जिस दिन सत्ता हाथ से गई, उस दिन उनकी मनमानी की कहानी खत्म हो जाएगी। उनका यही डर पुलिस तक पहुंचता है और हिंसा बनकर देश के युवाओं तथा महिलाओं पर टूट रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित