भरतपुर , जुलाई 16 -- राजस्थान में भरतपुर में गुरुवार को 11 सूत्री मांगों को लेकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा जिला कलक्ट्रेट पर किये गये प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी महिलाओं एवं पुलिस के बीच तनातनी हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदर्शनकारी महिलाओं का नेतृत्व कर रही जिला कांग्रेस महिला अध्यक्ष बबीता शर्मा ने भी पुलिस पर उनके साथ अभद्रता एवं धक्कामुक्की का आरोप लगाया।

सरकार के खिलाफ नारेबाजी करती प्रदर्शनकारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदर्शनस्थल पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ पुरुष पुलिसकर्मियों ने भी उनके साथ जमकर धक्कामुक्की की जिसकी वजह से मौके पर तनातनी का माहौल बना रहा। इस पर बबीता शर्मा ने कहा कि पूरे देश मे महिला सशक्तीकरण के नाम पर तरह-तरह के नारे लगाकर कार्यक्रम आयोजित करने वाली महिलाओं पर मुख्यमंत्री भजनलाल के गृह नगर में महिलाओं के साथ मर्यादाओं की तमाम सीमाओं को लांघना अति निंदनीय है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित