बारां , जून 12 -- राजस्थान में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष के कार्यकाल को लेकर तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शुक्रवार को बारां विधायक राधेश्याम बैरवा, किशनगंज विधायक डॉ. ललित मीणा और जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा के संयुक्त आतिथ्य में शुभारंभ किया गया।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के सभागार में आयोजित 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के प्रदर्शनी की शुरूआत अतिथियों ने विधिवत फीता काटकर एवं गणपति-सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित करके की। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा तय किए गए विकास के कीर्तिमानों और उत्कृष्ट उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया गया है। साथ ही राज्य सरकार की उल्लेखनीय उपलब्धियों को भी प्रदर्शनी में दर्शाया गया है।
इस अवसर पर प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विधायक बैरवा एवं मीणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कई महत्वपूर्ण एवं गौरवमयी उपलब्धियों को इस प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।
प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। यह प्रदर्शनी 14 जून तक आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित