श्रीगंगानगर, दिसबर 11 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले में टिब्बी कस्बे के निकट ग्राम पंचायत राठीखेड़ा के चक 5 आरके में एथेनॉल संयंत्र का विरोध करने वाले प्रदर्शनकारियों द्वारा संयंत्र में तोड़फोड़ और हिंसा करने पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज करने के विरोध में कांग्रेस विधायक रूपेंद्र सिंह रूबी और उनके 65 समर्थकों को राठीखेड़ा की ओर कूच करने पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

राठीखेड़ा में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए श्रीगंगानगर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। राठीखेडा में लाठीचार्ज की घटना को लेकर श्रीगंगानगर जिले के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन देखे गए। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट (माकपा) ने सादुल शहर में प्रदर्शन आयोजित किया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई की निंदा की और संयंत्र के खिलाफ नारे लगाए।

इस बीच सुबह श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर शहर से कांग्रेस के नव मनोनित जिलाध्यक्ष और श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रूपेंद्रसिंह रूबी ने अपने समर्थकों के साथ राठीखेड़ा की ओर कूच किया। विधायक रूबी और उनके समर्थक कई गाड़ियों के काफिले में सवार होकर रवाना हुए। काफिला करीब साढ़े 11 बजे घमूडवाली गांव में गौशाला के पास पहुंचा, तो वहां पुलिस ने मजबूत बैरिकेडिंग लगा रखी थी। वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था।

पुलिस ने काफिले को रोकने की कोशिश की, लेकिन समर्थक बैरिकेडिंग को हटाते हुए पैदल आगे बढ़ने लगे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने करीब पांच किलोमीटर दूर गांव बींझबायला में सभी को रोक लिया। पुलिस उपाधीक्षक विष्णु खत्री ने बताया कि जब लोग आगे बढ़ने पर अड़े रहे, तो विधायक रूबी सहित कुल 65 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया। और शाम को छोड़ दिया गया।

आज दिन भर श्रीगंगानगर से हनुमानगढ़ जाने वाले सभी मार्गों पर पुलिस की कड़ी नाकाबंदी रही। वाहनों की विशेष जांच की गई, और जिन गाड़ियों में किसान या ग्रामीणों के समूह राठी खेड़ा जा रहे थे, उन्हें लौटा दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित