उज्जैन , अगस्त 03 -- मध्यप्रदेश में उज्जैन स्थित भगवान श्री महाकालेश्वर की श्रावण मास की प्रथम शाही सवारी के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए उज्जैन पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) राकेश गुप्ता ने वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

श्री गुप्ता ने कहा कि श्रावण मास की महाकाल सवारी अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन, संवेदनशीलता तथा समर्पण के साथ ड्यूटी करने के निर्देश देते हुए भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी, त्वरित प्रतिक्रिया और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

समीक्षा बैठक में बताया गया कि सवारी के दौरान लगभग 1500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तथा बहुस्तरीय सुरक्षा प्रबंधन की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन सुनिश्चित किए जा सकें।

बैठक में सुरक्षा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, आपातकालीन प्रतिक्रिया, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, संचार व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के समन्वय सहित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का सूक्ष्म निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती, यातायात डायवर्जन, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, पार्किंग तथा सुरक्षा संसाधनों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।

फील्ड निरीक्षण के बाद पुलिस कंट्रोल रूम में पुनः समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रत्येक अधिकारी से उनके ड्यूटी प्वाइंट का फीडबैक लिया गया और संभावित चुनौतियों के समाधान पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) नवनीत भसीन ने अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर लगातार मौजूद रहकर परिस्थितियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने कहा कि आसमान से लेकर धरती तक हर दिशा में पुलिस की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य उज्जैन आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को भगवान श्री महाकाल के सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन कराना तथा संपूर्ण शाही सवारी को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराना है।

उज्जैन पुलिस के अनुसार प्रथम श्रावण शाही सवारी के दौरान आधुनिक तकनीकी संसाधनों, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन मॉनिटरिंग, क्विक रिस्पांस टीम, रिजर्व पुलिस बल तथा विभिन्न शाखाओं के समन्वय से पूरे सवारी मार्ग पर सतत निगरानी रखी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित