कोलकाता , अप्रैल 24 -- कांग्रेस ने शुक्रवार को दावा किया कि वह मौजूदा चुनावों के बाद पश्चिम बंगाल में सरकार के गठन में 'निर्णायक शक्ति' के रूप में उभरेगी।

प्रथम चरण के मतदान के एक दिन बाद राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी और अखिलेश प्रसाद सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के राज्य मुख्यालय 'विधान भवन' में यह दावा किया। श्री तिवारी ने कहा कि हालांकि राज्य में मुकाबले को मुख्य रूप से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच 'द्विध्रुवीय' लड़ाई के रूप में पेश किया गया है, लेकिन कांग्रेस महत्वपूर्ण तीसरी शक्ति के रूप में फिर से उभरी है।

उन्होंने कहा, "भले ही ध्यान दो प्रमुख दलों पर हो, लेकिन कांग्रेस विश्वसनीय विकल्प के रूप में उभरी है। आने वाले दिनों में यह निर्णायक भूमिका निभायेगी।" बंगाल के राजनीतिक और सांस्कृतिक आंदोलनों की विरासत को याद करते हुए श्री तिवारी ने तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों की आलोचना की और उन पर विभाजनकारी राजनीति में शामिल होने का आरोप लगाया।

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा और दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाये, जो सीधे केंद्र प्रशासन के अधीन है। उन्होंने सवाल किया, "यदि केंद्र अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकता तो उसे दूसरों पर सवाल उठाने का क्या नैतिक अधिकार है?" उन्होंने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर राज्य में 'सिंडिकेट संस्कृति', भ्रष्टाचार और राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "दोनों दल विभाजन को गहरा करने के लिए जिम्मेदार हैं।" इसी तरह के विचार व्यक्त करते हुए श्री सिंह ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के बिना कोई भी सरकार नहीं बन सकती।

उन्होंने कहा, "शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में राज्य निचले पायदान पर खिसक गया है। लोग अब विकल्प तलाश रहे हैं।" चरण सिंह सप्रा, अनिल भारद्वाज और अशोक सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी भाजपा और तृणमूल कांग्रेस दोनों की आलोचना की और जमीन मजबूत करने के पार्टी के दावे को दोहराया।

इस बीच, कांग्रेस दूसरे चरण के मतदान से पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आगमन के साथ एक हाई-प्रोफाइल चुनावी अभियान की तैयारी कर रही है, जिनका शनिवार को राज्य का दौरा करने का कार्यक्रम है।

प्रदेश कांग्रेस नेता और प्रवक्ता मीता चक्रवर्ती ने कहा कि गांधी श्रीरामपुर, मटियाबुर्ज और कोलकाता के शहीद मीनार मैदान में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। यह दौरा उनके पहले चरण से पूर्व मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर जिलों में किये गये चुनाव प्रचार के बाद हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित