पटना , मई 13 -- बिहार पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश ने पेट्रोलियम पदार्थों की बचत एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों से प्रत्येक शुक्रवार को कार्यालय आवागमन के लिये सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक वाहन, साइकिल अथवा पैदल चलने को प्राथमिकता देने की अपील की है।
मंत्री श्री प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की प्रेरणा से राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण तथा तेल आयात में कमी लाने की दिशा में सक्रिय प्रयास कर रही है। इसी क्रम में पंचायती राज विभाग, बिहार भी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण में इस पहल को आगे बढ़ाएगा।
मंत्री श्री प्रकाश ने कहा कि विभाग के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी प्रत्येक शुक्रवार को यथासंभव सार्वजनिक परिवहन अथवा इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि साइकिल अथवा पैदल कार्यालय आने वाले कर्मियों का स्वागत एवं प्रोत्साहन किया जाएगा।उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल ईंधन की बचत में सहायक होगी, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि शारीरिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति अपनी सुविधा एवं स्वास्थ्य के अनुरूप यात्रा कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित