चंडीगढ़ , जून 22 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत-2047' के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार ने 'विकसित हरियाणा-2047' विजन पर कार्य शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को प्रदेश के सभी विधायकों के साथ बैठक कर 'मेरी विकसित विधानसभा' अभियान पर मंथन किया गया।
मुख्यमंत्री श्री सैनी ने हरियाणा निवास में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अगले 20 वर्षों के लिए राज्य के विकास का व्यापक रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र का 'विजन चैंपियन' बनकर स्थानीय समस्याओं, संभावनाओं और विकास की प्राथमिकताओं की पहचान करेगा तथा कार्ययोजना तैयार करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक हरियाणा की अर्थव्यवस्था को एक खरब डॉलर से अधिक तक पहुंचाने, प्रति व्यक्ति वार्षिक आय 40 लाख रुपये से ऊपर ले जाने, महिला श्रम भागीदारी को 45 प्रतिशत से अधिक तथा महिला साक्षरता को 100 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और हर घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का भी संकल्प लिया गया है।
उन्होंने बताया कि जुलाई और अगस्त में विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करेंगे। गांवों, वार्डों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों से सुझाव लेकर जनभागीदारी आधारित विकास रोडमैप तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के तहत शिक्षा एवं कौशल विकास, स्वास्थ्य एवं पोषण, जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक युवा को कौशल और रोजगार से जोड़ना है। रोजगार क्षमता को 95 प्रतिशत तक पहुंचाने तथा आईटीआई, पॉलीटेक्निक और कॉलेजों को उद्योगों से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में मातृ मृत्यु दर 10 से कम, शिशु मृत्यु दर पांच से कम करने, 100 प्रतिशत टीकाकरण और संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी 70 प्रतिशत से अधिक करने और जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल किसी एक सरकार या कार्यकाल तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्ष 2047 तक हरियाणा के समग्र विकास की दीर्घकालिक योजना है। विकसित हरियाणा, विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित