पटना , मई 24 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा है कि अब प्रत्येक तीन माह पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक जिला स्तर पर व्यवसायियों के साथ नियमित बैठक करेंगे, जिससे उद्योग और व्यापार से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित "व्यावसायिक समागम" कार्यक्रम में उद्योग जगत को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। इसी क्रम में हर तीन महीने पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक व्यवसायियों के साथ बैठक करेंगे और उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे।
श्री चौधरी ने कहा कि यह बिहार के लिए गौरव का क्षण है कि बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज 100 वर्षों से राज्य की आर्थिक प्रगति में योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि व्यवसायियों को समाज की उन्नति और कल्याण में भी योगदान देना चाहिए।
श्री चौधरी ने बताया कि वर्ष 1926 में इस संगठन की स्थापना हुई थी, जो उस समय के ऐतिहासिक और राजनीतिक परिवर्तन का भी साक्षी रहा है।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज-2025 लागू किया है, जिसमें समय-समय पर संशोधन किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित