परबतसर (डीडवाना-कुचामन) , अक्टूबर 25 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रविवार को सशक्त ग्राम पंचायतें को सशक्त राजस्थान की आधारशिला बताते हुए कहा कि गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और प्रत्येक ग्राम पंचायत को आत्मनिर्भर एवं सुविधा संपन्न बनाना आवश्यक है।
वह यहां के बड़ू गांव में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन तथा पंचायत समिति पीलवा में आयोजित जनसभा में बोल रही थीं। उन्होंने गांव के कार्यकर्ता सम्मेलन में में ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर गांवों के विकास और पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने पर जोर दिया और कहा कि सड़क, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण विकास की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद किया और आगामी पंचायती राज चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के जिला परिषद एवं पंचायत समिति प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
इसके बाद पंचायत समिति पीलवा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन देने का आग्रह किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति निरंतर बनाए रखने तथा प्रत्येक गांव तक विकास के अवसर पहुंचाने की बात कही। उन्होंने ग्राम पंचायतों को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं विकसित बनाने के संकल्प को दोहराते हुए "विकसित ग्राम पंचायत से विकसित राजस्थान" के लक्ष्य को साकार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक मान सिंह किनसरिया, जिला अध्यक्ष सुनीता रांदड़, चुनाव जिला प्रभारी रणजीत सिंह सोडाला, चुनाव प्रभारी मानवेंद्र सिंह कुड़की, जिला महामंत्री देवीलाल, मंडल अध्यक्ष दयाल मेघवाल ,ठाकुर महेश पाल सिंह, प्रभारी सम्पत सांखला सहित जिला परिषद और पंचायत समिति के प्रत्याशी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित