अलवर , सितम्बर 12 -- राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ में 11 सितंबर को नगर निकाय चुनाव के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी के पति काे अशांति की आशंका के चलते हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने शांति भंग की आशंका में कार्रवाई करते हुए निर्दलीय प्रत्याशी के पति संजय अग्रवाल को हिरासत में लिया। मतदान के दिन उनके बार-बार मतदान केंद्र पर जाने के मामले को लेकर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
संजय अग्रवाल अग्रवाल समाज के अध्यक्ष भी हैं। उनके हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलते ही देर रात अग्रवाल समाज के सैकड़ों लोग बहरोड़ कोतवाली थाने पहुंच गये और पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। लोगों ने अध्यक्ष को हिरासत में लेने पर नाराजगी जताई और मामले में कार्रवाई का विरोध किया। पुलिस-प्रशासन ने हालांकि मतदान के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए उन्हें शांति भंग के मामले में हिरासत में लेने की बात कही। मामला यहीं शांत नहीं हुआ। शनिवार सुबह एक बार फिर सैकड़ों लोग बहरोड़ कोतवाली थाने के बाहर इकट्ठा हो गए। लोगों की मौजूदगी के चलते पुलिस-प्रशासन भी सतर्क रहा। इसके बाद संजय अग्रवाल को उपविभागीय मजिस्ट्रेट न्यायालय (एसडीएम) में पेश किया गया। एसडीएम न्यायालय में पेशी के बाद संजय अग्रवाल को जमानत मिल गई। जमानत मिलने के बाद थाने के बाहर जुटे लोगों का विरोध शांत हुआ और मामला सामान्य हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित