लखनऊ , मई 13 -- समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव के निधन पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि प्रतीक का जाना परिवार के लिए बहुत बड़ी क्षति है।
किंग जार्ज मेडिकल यूनीवर्सिटी (केजीएमयू) के शव विच्छेदन गृह (पोस्टमार्टम हाउस) पहुंचे अखिलेश ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "प्रतीक यादव आज हमारे बीच नहीं है, बहुत दुख है। वह नौजवान था। बचपन से ही उसे स्वास्थ्य के प्रति, अपने हेल्थ के प्रति जागरूकता थी और जीवन में आगे बढ़ना चाहता था। वह बहुत अच्छा लड़का था जो अपने मेहनत से कुछ करना चाहता था। बहुत दुखद है वह हमारे बीच नहीं रहा।"श्री यादव ने बताया कि उनकी प्रतीक से आखिरी मुलाकात करीब दो महीने पहले हुई थी। उन्होंने कहा "उस समय भी मैंने यही कहा था कि अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखो, अपने कारोबार को आगे बढ़ाओ। कभी-कभी फाइनेंशियल कारोबार में जो नुकसान होता है उससे कई बार आदमी बहुत टूट जाता है।"आगे की कार्रवाई पर अखिलेश यादव ने कहा, "स्वाभाविक है कि जो कानून कहता है, जो परिवार के लोग कहेंगे, उस हिसाब से हम लोग मानेंगे। आज की तारीख तो मैं नहीं बदल सकता हूं। वह हमारे बीच नहीं है, परिवार जो कहेगा वह हम करेंगे।"गौरतलब है कि 38 वर्षीय प्रतीक यादव को आज सुबह छह बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। प्रतीक यादव रियल एस्टेट और फिटनेस कारोबार से जुड़े थे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित