कानपुर , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश सरकार ने उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लाभांश में 35 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि करते हुए इसे 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को इस संबंध में घोषणा करते हुए प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को बड़ी सौगात दी। इससे कानपुर नगर के लगभग 1376 कोटेदार सीधे लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री के लोक भवन, लखनऊ स्थित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कानपुर नगर के नगरीय क्षेत्र की विधानसभाओं के लिए मर्चेंट चैंबर हॉल, सिविल लाइंस तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए चौबेपुर, नर्वल, घाटमपुर और कल्याणपुर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया। इस नई डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से उचित दर विक्रेता सीधे अपनी प्रतिक्रिया और सुझाव दर्ज करा सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा घटतौली और कालाबाजारी जैसी शिकायतों पर प्रभावी नियंत्रण में मदद मिलेगी।
चौबेपुर में आयोजित कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने उचित दर विक्रेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब वे अपनी दुकानों से दैनिक उपयोग की 39 अतिरिक्त वस्तुओं की बिक्री भी कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के नशीले या मादक पदार्थों का विक्रय प्रतिबंधित रहेगा। अतिरिक्त वस्तुओं की बिक्री से कोटेदारों की आय बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने अन्नपूर्णा भवनों के प्रभावी संचालन पर भी जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लाभांश में की गई वृद्धि से उचित दर विक्रेताओं की आर्थिक स्थिति और सुदृढ़ होगी। कार्यक्रम के समापन पर जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उचित दर विक्रेताओं का आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित