मुरादाबाद , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्रा का शव शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में ढेला नदी के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका की पहचान बिजनौर जिले के रेहड़ थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी सौपाल की पुत्री ललिता (21) के रूप में हुई है। वह पिछले एक वर्ष से ठाकुरद्वारा के नगलिया रोड स्थित एक मकान में किराये पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। बताया गया कि ललिता अपने कमरे के सामने स्थित एच.एम. लाइब्रेरी में नियमित अध्ययन करती थी। शुक्रवार को उसका भाई रवि गांव से राशन और अन्य आवश्यक सामान देने ठाकुरद्वारा आया था। सामान देने के बाद वह वापस घर लौट गया। इसके बाद देर रात ललिता संदिग्ध परिस्थितियों में अपने कमरे से लापता हो गई।

शनिवार दोपहर भगतपुर थाना क्षेत्र के मानपुर दत्तराम गांव के समीप ढेला नदी किनारे स्थानीय लोगों ने एक युवती का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की तथा परिजनों को घटना की सूचना दी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों के बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित