नयी दिल्ली , फरवरी 18 -- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) से जुड़े एक मामले में पिछले तीन साल से फरार चल रहे एक आरोपी को बुधवार को कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से लौटा था, तभी एनआईए ने उसे हिरासत में ले लिया गया। यह आरोपी केरल के मलप्पुरम जिले के वलांचेरी निवासी मोइदीनकुट्टी पी. है और वह केरल में पीएफआई के शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षण का समन्वयक था। वह सितंबर 2022 में मामला दर्ज होने के बाद से ही फरार हो गया था। जांच के दौरान एनआईए ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए थे।
यह मामला पीएफआई और उसके नेतृत्व की एक आपराधिक साजिश से संबंधित है। इसके तहत प्रभावशाली युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर विभिन्न समुदायों के बीच सांप्रदायिक विभाजन पैदा करने की योजना बनाई गई थी। साजिश के हिस्से के रूप में युवाओं को हथियारों का प्रशिक्षण दिया गया और आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाया गया। एनआईए के अनुसार इसका अंतिम उद्देश्य 2047 तक भारत में इस्लामिक शासन स्थापित करना था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित