भीलवाड़ा , जून 16 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के जिला मजिस्ट्रेट जसमीत सिंह संधू ने बुधवार को महाराणा प्रताप जयंती और मोहर्रम के अवसर पर जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किये।
श्री संधू द्वारा जारी आदेश के अनुसार सुभाष नगर एवं सदर, कोतवाली एवं भीमगंज और गांधीनगर, प्रतापनगर एवं पुर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्यपालक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। नियुक्त अधिकारी संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करके अपने-अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रखेंगे और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।
आदेश के अनुसार जिले के अन्य क्षेत्रों में भी संबंधित उपखंड मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार कानून व्यवस्था पर निगरानी रखेंगे।
इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये प्रभारी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किये गये हैं। आदेशानुसार अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) प्रतिमा देवठिया को शहर क्षेत्र के लिए और अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) प्रकाश चन्द्र रेगर को शहर क्षेत्र को छोड़कर शेष जिले के लिए प्रभारी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित