प्रताप गढ़,31मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के प्रताप गढ़ जिले मे रविवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय मीराभवन पर भारतीय इतिहास की प्रसिद्ध शासिका एवं लोककल्याण, नारी सशक्तिकरण और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर नमन करते हुए उनके महान व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण किया गया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की ऐसी प्रसिद्ध शासिका थीं जिन्होंने न्याय, सेवा, धर्म और जनकल्याण को अपने शासन का आधार बनाया। उन्होंने देशभर में अनेक मंदिरों, घाटों, कुओं और धार्मिक स्थलों का निर्माण करवाकर समाज सेवा की मिसाल प्रस्तुत की। उनका जीवन नारी शक्ति, त्याग, सुशासन और लोककल्याण का प्रेरणा स्रोत है।

उनके आदर्श हमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और विकास पहुंचाने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार पाल, जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष मनीष पाल, महिला सभा अध्यक्ष शान्ति सिंह, कोषाध्यक्ष अश्वनी सोनी, नगर अध्यक्ष निसार अहमद, सहित अन्य नेता गण उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित